Rajbhar 01.jpg

लखनऊ

 उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी व सांसद डिंपल यादव के संभावित अयोध्या दौरे को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव करीब आते ही उन्हें अयोध्या की याद आने लगी है। राजभर ने अखिलेश यादव की राम मंदिर दर्शन की संभावित योजना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देर से ही सही, लेकिन सद्बुद्धि तो आई।

राजभर ने दी मथुरा-काशी भी जाने की सलाह

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, ''अखिलेश जी, सुना है आप अयोध्या जा रहे हैं? क्या अब महसूस हो रहा है कि चुनाव बेहद करीब आ गया है?''  राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें मथुरा और काशी जाने की तारीखों की भी घोषणा करने की सलाह दी।

कई बार सवाल उठा चुके हैं राजभर

इससे पहले ओम प्रकाश राजभर कई बार अखिलेश यादव से राम मंदिर ना जाने को लेकर सवाल कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अखिलेश अयोध्या जाते हैं, लेकिन हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन नहीं करते। वाराणसी जाने के बावजूद उन्होंने बाबा भोलेनाथ के दर्शन नहीं किए। राजभर ने कहा था कि अखिलेश यादव कहते हैं कि राम ही कृष्ण हैं और कृष्ण ही राम हैं, तो दर्शन करने में क्या परेशानी है?

Admin

By Admin