Inshot 20250725 184908832

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की बड़ी घोषणा, गुना में 5,138 करोड़ रुपए की लागत से बनी कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना का किया लोकार्पण

आईबीएन, गुना/बीनागंज। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को गुना जिले के बीनागंज में आयोजित जनसभा में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनों को यदि वे फैक्ट्री में कार्यरत होती हैं, तो उन्हें 14,000 रुपए तक की प्रोत्साहन राशि सरकार द्वारा दी जाएगी। यह घोषणा प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दीपावली से हर लाड़ली बहन के खाते में 1500 रुपए प्रतिमाह की राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र माह में बहनों को 250 रुपए शगुन के रूप में दिए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि हर घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लगभग 5,138 करोड़ रुपए की लागत से बनी कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से गुना जिले की 30,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि को बारहमासी सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे गांव-गांव और खेत-खेत तक पानी पहुंचेगा, जो किसानों के जीवन में खुशहाली लाएगा।

नदी जोड़ो परियोजना से होगा चंबल-मालवा का कायाकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) नदी जोड़ो परियोजना प्रदेश के भविष्य को बदलने वाली योजना है। इससे चंबल और मालवा के 13 जिलों के साथ-साथ राजस्थान के भी 13 जिलों को सिंचाई और पेयजल की सुविधा मिलेगी। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने इस परियोजना को वर्षों तक रोककर रखा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह अब मूर्त रूप ले रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को गुना जिले के बीनागंज मंडी में कुंभराज सिंचाई परियोजना कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभान्वितों को हितलाभ वितरण किया। 

जनकल्याण की घोषणाएं और स्थानीय मदद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसभा में कई मानवीय संवेदना से जुड़ी घोषणाएं भी कीं:

  • राजेश खंडेलवाल की बेटी के लीवर ट्रांसप्लांट के लिए 4 लाख रुपए की सहायता, पूर्व में 1 लाख दिए जा चुके हैं।
  • श्रीमती ममता विश्वकर्मा को 1 लाख रुपए की मदद।
  • बीनागंज गौशाला के संपूर्ण विकास के लिए 12 लाख रुपए की स्वीकृति।

604 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने गुना जिले के 604 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया, जिनकी कुल लागत 175.76 करोड़ रुपए है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य गांव, गरीब, किसान और महिला को हर स्तर पर सशक्त बनाना है।

महिलाओं, किसानों और युवाओं को दी कई योजनाओं की सौगात

  • लाड़ली बहनों को 1500 रुपए प्रतिमाह और फैक्ट्री में काम करने पर 14,000 तक प्रोत्साहन।
  • युवाओं को रोजगार मिलने पर 5000 रुपए तक की प्रोत्साहन राशि।
  • किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत कुल 12,000 रुपए (6,000 केंद्र से और 6,000 राज्य से)।
  • सोलर पंप से सिंचाई के लिए बिजली बिल से राहत।
  • गौशालाओं के लिए प्रति गाय अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपए प्रतिदिन।

सड़क दुर्घटना में मदद करने वालों को मिलेगा ‘राहवीर सम्मान’

डॉ. यादव ने बताया कि राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नागरिक को 25,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में गंभीर घायलों को एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रदेश को विरासत से जोड़ते हुए विकास की ओर बढ़ रहा है मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विरासतों का संरक्षण करते हुए विकास को गति दे रही है। भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को धाम के रूप में विकसित किया जा रहा है और प्रदेश में पर्यटन, रोजगार, सिंचाई और महिला उत्थान के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित किए जा रहे हैं।