Chhattisgarh News 08 2 3.jpg

बलौदा बाजार.

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में शुक्रवार को करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसी महिला ने भी आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। इस घटना ने अब पूरे परिवार की दिपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

जानिए कब और कैसे हुई थी घटना
बता दें कि नेहरू चौक में रहने वाले राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह घर में साफ सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए थे। चीख पुकार सुनकर बचाने पहुंची पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए थे। इस घटना में राकेश और उसके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई थी।

महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
वहीं गंभीर रूप से घायल वर्षा को जिला चिकित्सालय में प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रिफर किया गया था, जहां उनका निजी अस्पताल में इलाज जारी था। आज सुबह ही उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से अब पूरे इलाके और परिवार में शोक की लहर है।

सामने आया था दिल दहला देने वाला वीडियो
इस घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया था, जिसमें साफ देखा जा सकता था कि हाईटेंशन लाइन से करंट और आग निकल रही थी। ये आग राकेश के घर की बालकनी में फैल रही थी। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।

Admin

By Admin