सात माह का होगा कार्यकाल, विभागीय सुधारों की बड़ी चुनौती
गणेश पाण्डेय, भोपाल। राज्य शासन ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी वीएन अंबाड़े को मध्यप्रदेश का अगला वन बल प्रमुख नियुक्त कर दिया है। वर्तमान में वे मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें 1 अगस्त से नया कार्यभार सौंपा जाएगा।
इससे पहले, मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में गत गुरुवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में अंबाड़े के नाम को मंजूरी दी गई थी। वे 1988 बैच के अधिकारी हैं और सेवा में अब केवल सात महीने शेष हैं, लेकिन इतने अल्प समय में भी उनके सामने वन विभाग की आंतरिक चुनौतियों से निपटने और व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने की जिम्मेदारी होगी।
मौजूदा वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनका 17 महीने का कार्यकाल विभागीय असंतुलन और विवादों के लिए चर्चा में रहा है।
